Wednesday, 17 April 2013

तुम्हारी आंखो से...



वो आसमान जो दूर दूर तक फैला है
उसका एक छोर पकड़ा है तुमने तो दूसरा हमने  भी थामा है
खिड़की से जब तुम आसमान को देखते हो
तो निहारते हम भी हैं
तुम सोचते हो कि ना जाने कहां तक फैला है इसका सिरा
रंग बड़े हसीन हैं इसमें समाए हुए
ना जाने कहां जाकर मिलते हैं इसके सिरे
तुम कहते हो जहां तुम बैठी हो
वहां से कुछ नहीं दिखता तुम्हें
हमें तो दिखता है वो खुला आसमां दूर दूर तक फैला हुआ
हमें तो दिखाई देते हैं पंक्षियों के झुंड उड़ते हुए
उनकी आवजें, जैसे सांझा कर रहे हों अपने दिनभर के अनुभव
तुम कहते हो हम नहीं देख सकते उन्हें
लेकिन अनुभव हम भी वही कर रहे हैं
जो तुम महसूस करते हो
तुम्हारे लिए तुम जुदा हो हमसे
लेकिन हमारे लिए नहीं
जब तुम आसमान को देखते हो
तो निहारते हम भी हैं
जो तुम देखते हो, देखते हम भी हैं...





Friday, 1 March 2013

कविता...

आंखों में नमी, दिल में तेरी यादें
फिर भी खुशियां मनाती रही हूं मैं,
तू आकर चला गया मुझे दरकिनार कर
फिर भी तेरा इंतजार करती रही हूं मैं,
तू रुख नहीं करेगा कभी इधर को
फिर भी तेरे लिए शाम से सहर करती रही हूं मैं,
बिछड़ कर जिंदगी की बद्दुआ दे गया तू
फिर भी तेरे लिए हर दर पर दुआ करती रही हूं मैं,
तेरी रातें कटती हैं सुकून में
इधर करवटें रात भर बदलते रही हूं मैं,
और ये मुहब्बत की इंतहा है मेरी कि तू जलाता रहा सदा मुझे,
फिर भी तुझे पलकों की छांव में रखती रही हूं मैं.....................

Tuesday, 9 October 2012

ज़िंदगी मेरी...फैसला किसी और का...




आखिरकार ऐसी बातें ही सुनने में आ रही हैं कि पाकिस्तान की विदेश मंत्री हिना रब्बानी और बिलावल भुट्टो को प्यार करने के एवज में कोड़े या फिर पत्थर मारकर मौत की सजा देनी चाहिए. इसके विपरीत कोई अन्य उम्मीद की भी नहीं जा सकती थी. आखिरकार बरसों से ऐसे ही तो फैसले सुनाए जाते हैं. इस तरह का फैसला बांगलादेश के इसलामिक धर्मगुरुओं की तरफ से आया है. पितृस्त्तात्मक या यूं कहें कि पुरूषो के बनाए समाज में महिलाओं की आजादी एक पुरूष ही तय करता है. उसे कब, कितना और किससे कैसे संबंध बनाने है, इस पर भी उसकी मर्जी नहीं चलती. उसे बचपन से ही यह सिखाया जाता है कि उसके दायरे क्या हैं?   
जिंदगी में अपने पति से धोखा खाने पर उसे कोई और रास्ता इख्तियार करने की आजादी आज भी हमारा समाज एक औरत को नहीं देता. वहीं इस बात को दोहराना चाहती हूं कि हिना रब्बानी कोई आम औरत नहीं है जिनके लिए ऐसी बयानबाजी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर की जा रही है बल्कि वह पाकिस्तान के विदेश मंत्री है जो एक बहुत ही ताकतवर पद है. परंतु यदि आपको लगता है कि पढ़ी लिखी महिलाएं अपने जीवन का फैसला लेने में सक्षम हैं और आत्मनिर्भर हैं, तो आपको बता दें कि ऐसा बिल्कुल नहीं है. ऐसी कई महिलाएं हैं जो सिर्फ घर का चुल्हा संभालने के लिए ही पैदा हुई हैं. 
पिछले दिनों ऐसी कई महिलाएं अखबारों की सुर्खियों में रहीं जो आत्मनिर्भर थीं लेकिन ऐसे अंधेरे में खो गईं जहां से वापस आना नामुमकिन था. फिज़ा मोहम्मद उर्फ अनुराधा बाली, गीतिका, मधुमिता शुक्ला, भंवरी देवी ऐसी महिलाएं जिन्हे समाज ने आजादी तो दी लेकिन समाज में आजाद विचारों से रहने का हक नहीं दिया. इनके पतन का कारण भले ही अलग अलग था लेकिन इनका हश्र एक ही था. एक पुरूष के लिए आज भी महिलाएं सिर्फ इस्तेमाल की वस्तु हैं, उससे ज्यादा कुछ नहीं. आज २१वीं सदी में भी महिलाओं के जीवन का फैसला कोई और ही ले रहा है. कभी पिता, कभी भाई, कभी पति तो कभी उसका बेटा. समाज ने हमेशा से ही महिलाओं को सहन करना और पुरुषो को शोषण करना सिखाया है. महिलाओं की आजादी भी पुरूषों की मोहताज है. वह जब चाहे, जहां चाहे महिलाओं के पंख कतर सकता है.



Saturday, 1 September 2012

भूलकर भी याद आते रहे

भूलकर भी याद आते रहे
तुम्हे भूलने की लाख कोशिश की
पर तुम भूलकर भी याद आते रहे...
तुम्हे पाया ही कब था मैने
पर फिर भी तुम्हे खो जाने के डर से
दिल आसू बहाते रहे...
तुम्हे अंजाने में ही सही
मुझे रूलाने की आदत सी है
पर फिर भी तुम्हारी यादें मुझे हंसाते रहे...
तुम्हे हम अपना ना कह सके कभी
पर फिर भी गैर कहने से कतराते रहे...
हम जानते हैं
तुम्हें दिलों से खेलना अच्छा लगता है
पर फिर भी तुम्हारे प्यार से
अपने ख्वाबों को सजाते रहे...